लगातार बारिश और खराब मौसम के चलते केदारनाथ यात्रा पर अस्थाई रोक, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में मौसम के बिगड़ते हालातों के बीच विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा को एहतियातन अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा रुद्रप्रयाग जनपद के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट और लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया।

शनिवार देर रात से केदारघाटी क्षेत्र में लगातार तेज बारिश दर्ज की जा रही है। कई स्थानों पर भूस्खलन और मार्ग बाधित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर मौजूद यात्रियों को सुरक्षित होल्डिंग प्वाइंट और आश्रय स्थलों पर रोका जा रहा है।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों के बाद SDRF, NDRF, DDRF, पुलिस और प्रशासनिक टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी श्रद्धालु को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लिया जाएगा।

चारधाम यात्रा सीजन के दौरान इस वर्ष मौसम लगातार चुनौती बना हुआ है। कई बार भारी बारिश, तेज हवाओं और खराब दृश्यता के कारण हेलीकॉप्टर सेवाओं को भी रोकना पड़ा है। हाल के दिनों में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई थीं, जिसके बाद प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर

📞 जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC):
8958757335
8218326386

📞 पुलिस सहायता: 112

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील की है।

You missed

error: Content is protected !!