हरिद्वार।

 

 

माननीय गृहमंत्री भारत सरकार के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर हरिद्वार पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। V.V.I.P. सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस लाइन रोशनाबाद में ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों/कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।

 

 

ब्रीफिंग में डीजी अभिसूचना अभिनव कुमार, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन एवं आईजी लॉ एंड ऑर्डर सुनील कुमार मीणा विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम को लेकर उच्चाधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यक्रम को जीरो टॉलरेंस नीति के साथ सकुशल संपन्न कराया जाएगा।

 

 

डीजी अभिसूचना अभिनव कुमार ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर कोई सूचना प्राप्त होती है तो उसे तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाए। वर्दीधारी बल का आचरण, व्यवहार एवं टर्नआउट उच्च कोटि का होना चाहिए, क्योंकि जनता की अपेक्षाएं पुलिस से जुड़ी होती हैं।

 

 

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि जनपद में तीन स्थानों पर VVIP कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। सभी अधिकारी समय से अपने-अपने ड्यूटी क्षेत्र में पहुंचकर तैनात फोर्स की चेकिंग करेंगे तथा किसी भी प्रकार की शंका का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह ड्यूटी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसमें सतर्कता और जिम्मेदारी अनिवार्य है।

 

 

जिलाधिकारी हरिद्वार ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने तथा शेष तैयारियों को सायंकाल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

 

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन ने पूर्व VVIP मूवमेंट के अनुभव साझा करते हुए कहा कि बिना पास और चेकिंग के किसी भी व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी VVIP प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन करेंगे। ड्यूटी लंबी होने के कारण फोर्स के लिए भोजन व ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार के नशे या शिकायत की स्थिति में संबंधित कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होगा।

 

 

कार्यक्रम स्थल एवं VVIP मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। बम निरोधक दस्ता, एलआईयू, एटीएस, जल पुलिस, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें भी अलर्ट मोड पर रहेंगी। जनपद के चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

 

 

ब्रीफिंग में एसपी क्राइम ने ट्रैफिक कर्मियों को समयबद्ध एवं सतर्क ड्यूटी करने तथा फ्लीट मूवमेंट के दौरान बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।

 

इस दौरान पुलिस मुख्यालय, अन्य जनपदों से आए अधिकारी तथा जनपद के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

हरिद्वार पुलिस का दावा है कि पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के बीच गृहमंत्री का दौरा पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित रहेगा।

error: Content is protected !!