हल्द्वानी।

21/02/2026 को पहाड़ी आर्मी उत्तराखंड के जिलाध्यक्ष राजेंद्र कांडपाल के नेतृत्व में भैरव चौक, हल्द्वानी बाजार में पीड़ित पहाड़ी (फौजी) परिवारों के समर्थन में धरना प्रदर्शन का छठा दिन जारी रहा। धरने में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

धरना दे रहे परिवारों का आरोप है कि भैरव चौक क्षेत्र में तीन पहाड़ी परिवारों को उनकी दुकान और मकान के अधिकार से वंचित किया गया। बताया गया कि कोरोना काल के दौरान आग लगने की घटना के बाद मकान और दुकानों को केवल मरम्मत (रिपेयर) के नाम पर खाली करवाया गया था, लेकिन बाद में उन्हें अन्य लोगों को बेच दिया गया।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कुमाऊं आयुक्त और विकास प्राधिकरण सचिव द्वारा नजूल भूमि पर बने मकान को गिराने के आदेश के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। संगठन ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को उनका हक वापस दिलाने की मांग की है।

धरने में शामिल एक परिवार सैनिक पृष्ठभूमि से है। बताया गया कि परिवार के मुखिया ने वर्ष 1962, 1965 और 1971 के युद्ध में देश की सेवा की थी। ऐसे परिवार के साथ अन्याय होने पर संगठन ने गहरा रोष जताया है।

धरना प्रदर्शन में हिमांशु शर्मा, देवेंद्र सयाला कोटी, जिलाध्यक्ष प्रेमा मेर, नगर अध्यक्ष कविता जीना, हेमा कांडपाल, लाल सिंह रावत, सूजन सिंह दसोनी, विनोद, हरेंद्र राणा, गीता बिष्ट, अंजू पांडेय, बसंत बिष्ट, दीपा बोरा, मोहन बोरा, दीपक और संजय सहित कई लोग उपस्थित रहे।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

You missed

error: Content is protected !!