हल्द्वानी/नैनीताल, 20 फरवरी 2026।

 

हल्द्वानी–नैनीताल रोड स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित किसान मंच की प्रेस वार्ता में निर्दलीय प्रत्याशी शीलू कुमार के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर प्रशासन और राजनीतिक दलों पर गंभीर आरोप लगाए गए।

किसान मंच और शीलू कुमार ने आरोप लगाया कि बढ़ते जनसमर्थन से घबराकर उनकी छवि धूमिल करने के लिए सुनियोजित तरीके से मुकदमा दर्ज कराया गया है।

 

 

प्रेस वार्ता में बताया गया कि 16 फरवरी को 58 नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के बेतालघाट में आयोजित “आरंभ विधानसभा सम्मेलन” के दौरान हुई भगदड़ के बाद दर्ज मुकदमे में कई तथ्य गलत तरीके से प्रस्तुत किए गए हैं। पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट को एकतरफा और भ्रामक बताते हुए किसान मंच ने दावा किया कि कार्यक्रम पूरी अनुमति के साथ आयोजित किया गया था।

 

 

मंच के पदाधिकारियों ने मीडिया के सामने व्हाट्सएप चैट, अनुमति पत्र और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी द्वारा कार्यक्रम की अनुमति दी गई थी और उसकी प्रतिलिपि तहसील प्रशासन तथा थाना बेतालघाट को पहले ही भेज दी गई थी। इसके अलावा कार्यक्रम की सूचना एसएसपी, डीएम और स्वास्थ्य विभाग को भी दी गई थी।

 

 

निर्दलीय प्रत्याशी शीलू कुमार ने आरोप लगाया कि हजारों लोगों की उपस्थिति ने स्थापित राजनीतिक दलों को असहज कर दिया है, जिसके कारण प्रशासन पर दबाव बनाकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।

उन्होंने कहा कि जब किसी घायल व्यक्ति की ओर से कोई तहरीर नहीं थी और सभी का उपचार निजी अस्पतालों में हो चुका था, तब अनुमति देने वाले अधिकारी को आधार बनाकर मुकदमा दर्ज करना संदेह पैदा करता है।

 

 

उन्होंने कहा कि झूठे मुकदमों के माध्यम से उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुमति देने वाले अधिकारी और संबंधित लोगों के खिलाफ शीघ्र ही मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।

 

You missed

error: Content is protected !!