दिल्ली में CJP का शक्ति प्रदर्शन: जंतर-मंतर पर जुटे सैकड़ों युवा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज
नई दिल्ली, 6 जून। सोशल मीडिया से शुरू हुआ कॉक्रोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन शनिवार को सड़कों पर उतर आया। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर सैकड़ों युवाओं ने एकत्र होकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था की और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और सीधे आंदोलन में शामिल हुए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने, तिरंगा और पुस्तक साथ लाने की अपील की। जंतर-मंतर पर पहुंचे युवाओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक मामलों की जवाबदेही और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक, CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली से जुड़े विवाद, CUET और अन्य भर्ती-परीक्षाओं में सामने आई समस्याओं ने छात्रों का विश्वास कमजोर किया है। इसी को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी थी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र, युवा पेशेवर और विभिन्न राज्यों से आए समर्थक मौजूद रहे। कई प्रदर्शनकारी कॉक्रोच मास्क पहनकर और तख्तियां लेकर पहुंचे, जिन पर परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही की मांग लिखी गई थी।
CJP का कहना है कि यह किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं बल्कि युवाओं की आवाज़ है। संगठन के प्रवक्ताओं ने दावा किया कि उनका संघर्ष शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुआ यह आंदोलन अब वास्तविक राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव दिखाने की कोशिश कर रहा है। युवाओं में बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और बढ़ती निराशा जैसे मुद्दों ने इस आंदोलन को राष्ट्रीय चर्चा का विषय बना दिया है।
पडेट जारी: जंतर-मंतर से दिनभर की गतिविधियों पर सभी प्रमुख अपडेट लगातार सामने आ रहे हैं,जुड़े रहिए vandemataramswatantraawaaz.com से
