अल्मोड़ा आयुर्वेदिक चिकित्सालय को मिला फार्मेसी अधिकारी, जनहित की मुहिम लाई रंग।
अल्मोड़ा। वर्षों से फार्मेसी अधिकारी के अभाव में संचालित हो रहे राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में आखिरकार अस्थायी फार्मेसी अधिकारी की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार फार्मेसी अधिकारी सोमवार, मंगलवार और बुधवार को जिला चिकित्सालय के कक्ष संख्या 9 में अपनी सेवाएं देंगे।
प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि आगामी माह से चिकित्सालय में पूर्णकालिक फार्मेसी अधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि किसी भी परिस्थिति में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय को बंद नहीं किया जाएगा और यह सोमवार से शनिवार तक, राजकीय अवकाश को छोड़कर, नियमित रूप से संचालित होता रहेगा।
गौरतलब है कि पूर्व में कैंप ड्यूटी के नाम पर चिकित्सकों की तैनाती अन्य स्थानों पर किए जाने से अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस अव्यवस्था को लेकर लगातार आपत्तियां दर्ज कराई जा रही थीं।
इस संबंध में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन भी किया है, जिसकी प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। जनदबाव, निरंतर प्रयास और मीडिया की सक्रियता के परिणामस्वरूप यह सकारात्मक निर्णय संभव हो पाया है।
संजय पाण्डे ने जनहित के इस अभियान में सहयोग देने वाले सभी मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और उन्हें संरक्षित रखने के लिए उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
