देहरादून।
उत्तराखंड में होमगार्ड विभाग की वर्दी खरीद में सामने आए कथित घोटाले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर होमगार्ड्स विभाग के DIG अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। सूत्रों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में होमगार्ड जवानों के लिए खरीदी गई वर्दी, जूते, डंडे और अन्य सामग्री की खरीद प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई।
जांच में यह भी उजागर हुआ है कि जिस सामग्री की वास्तविक बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है, उसकी खरीद तीन करोड़ रुपये में दर्शाई गई। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर संदेह गहराया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोषी चाहे कितना भी बड़ा अधिकारी क्यों न हो, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
निलंबन के साथ ही पूरे मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच समिति टेंडर प्रक्रिया, फर्मों के चयन, दरों की तुलना और भुगतान से जुड़े सभी दस्तावेजों की गहन पड़ताल करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे एफआईआर दर्ज करने, रिकवरी और अन्य विभागीय कार्रवाई की भी संभावना है।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं विपक्ष ने सरकार से पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने और सभी जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
