ऊधमसिंह नगर/देहरादून।

उत्तराखंड में नशा तस्करों के खिलाफ जारी अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये कीमत बताई जा रही है। इस मामले में कुमाऊं का बड़ा हेरोइन सप्लायर सहनवाज उर्फ मामू (36 वर्ष) बहेड़ी, बरेली उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है।

 

यह ऑपरेशन मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत भुल्लर के निर्देशन में सीओ परवेज अली और प्रभारी निरीक्षक एसटीएफ कुमाऊं यूनिट पावन स्वरूप के नेतृत्व में टीम ने कोतवाली किच्छा के आजाद नगर चौकी क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन अंजाम दिया।

 

पुलिस के मुताबिक सहनवाज कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन का प्रमुख सप्लायर था। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह हेरोइन बरेली निवासी भइया से खरीदता था और हरजिंदर नामक व्यक्ति को बेचने के लिए ले जा रहा था। एसटीएफ ने बताया कि सहनवाज द्वारा सप्लाई की जाने वाली हेरोइन उच्च शुद्धता की थी, जिसकी कुमाऊं के ड्रग पैडलरों में इसकी काफी मांग थी।

 

एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स यूनिट पिछले दो वर्षों से सहनवाज की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। अभियुक्त ने यह भी बताया कि बरेली से भइया की ओर से एक युवक हेरोइन की डिलीवरी करता था। एसटीएफ अब उपलब्ध फोटो के आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

 

एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स टीम में निरीक्षक पावन स्वरूप, उप निरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान, आरक्षी इसरार अहमद और कोतवाली किच्छा पुलिस टीम में निरीक्षक प्रकाश दानू, उप निरीक्षक पवन जोशी, आरक्षी उमेश सिंह, आरक्षी उमेद गिरी शामिल रहे।

error: Content is protected !!