रुद्रपुर।

उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब किच्छा से विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र सौरभ राज बेहड़ पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि सौरभ राज बेहड़ किसी निजी काम से रुद्रपुर क्षेत्र में गए हुए थे, तभी कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और हमलावरों ने सौरभ पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना पर रुद्रपुर कोतवाली के कोतवाल स्वयं अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से सौरभ के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस ने मौके पर मौजूद परिजनों से बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी जुटाई। साथ ही अस्पताल परिसर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

डॉक्टरों के अनुसार सौरभ राज बेहड़ को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

घटना के बाद अस्पताल में समर्थकों की भीड़ जुट गई, वहीं क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

📌 न्यूज़ डेस्क, रुद्रपुर

error: Content is protected !!