1. महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का पार्थिव शरीर पुणे जिले के बारामती में काटेवाड़ी स्थित उनके आवास ले जाया गया है। यहां परिवार के लोग, पार्टी नेता-कार्यकर्ता और अन्य लोग उनके अंतिम दर्शन करेंगे। इसके बाद अंतिम यात्रा निकलेगी।
  2. सुबह 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान मैदान में अजित पवार का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पवार के अंतिम संस्कार में महाराष्ट्र सरकार का पूरा मंत्रिमंडल शामिल रहेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बारामती आएंगे।

पवार का चार्टर्ड प्लेन बुधवार सुबह 8.45 बजे क्रैश हुआ। वे 66 साल के थे। बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान प्लेन क्रैश हुआ था।

 

हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू समेत 5 लोगों की मौत हुई। पवार 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए 4 रैलियों को संबोधित करने वाले थे। पवार के निधन पर महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक रखा गया है।

 

कैसे क्रैश हुआ पवार का प्लेन, 7 पॉइंट्स में समझें…

 

बारामती एयरफील्ड अनकंट्रोल्ड है, यानी यहां ATC की जगह फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन के इंस्ट्रक्टर ट्रैफिक की जानकारी देते हैं। विमान ने सुबह 8:18 बजे बारामती से पहली बार संपर्क किया। विमान का अगला कॉल लैंडिंग साइट से 30 नॉटिकल माइल (NM) यानी करीब 55 किमी की दूरी पर किया गया।

 

पुणे अप्रोच ने विमान को बारामती के लिए रिलीज कर दिया और विजुअल मेट्रोलॉजिकल कंडीशन यानी VMC में पायलट की मर्जी से उतरने की सलाह दी। यानी अगर पायलट को मौसम ठीक लग रहा है और लैंडिंग साइट दिखाई दे रही है तो वो बिना किसी एडवांस लैंडिंग टूल की मदद से जेट लैंड करवा सकता है।

 

इसके बाद पायलट ने हवा और विजिबिलिटी के बारे में पूछा। उन्हें बताया गया कि हवा शांत है और विजिबिलिटी लगभग 3000 मीटर है। विमान ने रनवे 11 पर फाइनल अप्रोच की रिपोर्ट दी, लेकिन बताया कि रनवे नजर नहीं आ रहा।

 

इसके बाद विमान लैंड करने के बजाय हवा में चक्कर लगाने लगा। थोड़ी देर बाद क्रू ने बताया कि वे फिर से रनवे 11 के फाइनल अप्रोच पर हैं। उनसे पूछा गया कि रनवे दिख रहा है या नहीं। क्रू ने जवाब दिया कि रनवे फिलहाल नजर में नहीं है, लेकिन जैसे ही रनवे दिखेगा, वे बताएंगे। कुछ सेकेंड बाद क्रू ने रिपोर्ट किया कि रनवे अब नजर में है।

 

विमान को सुबह 8:43 बजे रनवे 11 पर लैंड करने की अनुमति दी गई, लेकिन विमान ने लैंडिंग क्लियरेंस का रीडबैक नहीं दिया गया। सुबह 8:44 बजे, एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने रनवे 11 के थ्रेशहोल्ड के पास आग की लपटें देखीं।

 

इसके तुरंत बाद इमरजेंसी सर्विसेज को घटनास्थल भेजा गया। विमान का मलबा रनवे 11 के थ्रेशहोल्ड के पास, रनवे के 50 मीटर दूर बाईं तरफ पाया गया। इस हादसे की जांच अब AAIB यानी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो ने अपने हाथ में ले ली है।

error: Content is protected !!