बेतालघाट / हल्द्वानी।
58 विधानसभा नैनीताल क्षेत्र में उभरते युवा नेता शीलू कुमार के समर्थन में गैर-राजनीतिक संगठन किसान मंच खुलकर सामने आ गया है। हाल ही में बेतालघाट में आयोजित विशाल सम्मेलन के बाद दर्ज हुए मुकदमों के बीच किसान मंच ने शीलू कुमार को मंच और समर्थन देने का ऐलान किया है।
इसी क्रम में आज हल्द्वानी में दोपहर 1 बजे एक निजी रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी।
*बेतालघाट सम्मेलन से चर्चा में आए शीलू*
बीते दिनों बेतालघाट में आयोजित सम्मेलन में लगभग 8 हजार लोगों की भारी भीड़ जुटी थी। एक निर्दलीय चेहरे के कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने उत्तराखंड की राजनीति में अचानक “शीलू कुमार” नाम की चर्चा तेज कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों में भीड़ कम हो रही है, वहीं एक निर्दलीय युवा नेता के कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने नई राजनीतिक संभावनाओं के संकेत दिए हैं।
*भगदड़ के बाद दर्ज हुआ मुकदमा*
सम्मेलन के बाद उसी शाम कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ की घटना सामने आई, जिसके बाद प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति न होने का हवाला देते हुए शीलू कुमार समेत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दिया।
हालांकि शीलू कुमार की टीम का दावा है कि कार्यक्रम की अनुमति विधिवत ली गई थी और इस संबंध में मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है। टीम का आरोप है कि मुकदमे दबाव में दर्ज किए गए हैं और यह कार्रवाई राजनीतिक प्रेरित हो सकती है।
*किसान मंच ने दिया संरक्षण*
मुकदमों के बाद अब किसान मंच ने शीलू कुमार को खुला समर्थन देने की घोषणा की है। संगठन का कहना है कि शीलू कुमार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उभर रहे हैं और जनता के मुद्दों को उठा रहे हैं, इसलिए उन्हें मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि किसान मंच के बैनर तले आयोजित होने वाली इस प्रेस वार्ता में मुकदमों, सम्मेलन और आगामी रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
*राजनीतिक हलकों में हलचल*
एक निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में उमड़ती भीड़ और उसके बाद दर्ज मुकदमों ने क्षेत्र की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह समर्थन इसी तरह बढ़ता रहा तो 58 विधानसभा नैनीताल क्षेत्र में मुकाबला रोचक हो सकता है।
आज की प्रेस वार्ता को शीलू कुमार के राजनीतिक भविष्य और किसान मंच के रुख के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
