नीब करौरी बाबा कैंची धाम स्थापना दिवस 2026: 13 से 16 जून तक लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान, लाखों श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में आयोजित होने वाले नीब करौरी बाबा स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले को लेकर नैनीताल पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। 13 जून से 16 जून 2026 तक लागू रहने वाली इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा क्षेत्र में यातायात को सुचारू बनाए रखना है।

हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस बार भी पुलिस प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर पार्किंग और शटल सेवाओं की व्यवस्था की है। बाहरी राज्यों एवं जनपदों से आने वाले वाहनों को सीधे कैंची धाम तक जाने की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवा का उपयोग करना होगा।

दिल्ली, एनसीआर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद तथा रामपुर रोड की ओर से आने वाले वाहनों को गोलापार-काठगोदाम क्षेत्र की पार्किंगों में भेजा जाएगा। वहीं अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले वाहनों के लिए खैरना पार्किंग निर्धारित की गई है, जहां से श्रद्धालुओं को शटल बसों के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।

नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा। भीमताल क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विकास भवन पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

मेले के दौरान भारी माल वाहनों पर भी विशेष प्रतिबंध लगाया गया है। 13 जून से 16 जून तक अधिकांश भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी सीमित समय में ही अनुमति दी जाएगी। अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चम्पावत की ओर जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

केमू एवं रोडवेज बसों के संचालन में भी आंशिक बदलाव किया गया है। 14 जून से 16 जून तक कई बसों को भवाली-कैंची मार्ग के स्थान पर रामगढ़ और मुक्तेश्वर होते हुए संचालित किया जाएगा ताकि मेले के दौरान जाम की स्थिति न बने।

नैनीताल पुलिस ने दोपहिया वाहनों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। 14 जून सुबह 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी बाइक और अन्य दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भवाली, भीमताल, खैरना, काठगोदाम और हल्द्वानी सहित विभिन्न स्थानों से लगातार शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक प्लान का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यात्रा पर निकलने से पहले यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

नीब करौरी बाबा के स्थापना दिवस पर इस वर्ष भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। :::

You missed

error: Content is protected !!