हल्द्वानी: नई आबकारी नीति के तहत जिले में शराब दुकानों की नीलामी प्रक्रिया शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई। डीएम कैंप कार्यालय में आयोजित इस प्रक्रिया में आठ देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानों के लिए लॉटरी निकाली गई।
जानकारी के अनुसार, पंचायत घर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान रिकॉर्ड 3.10 करोड़ रुपये में नीलाम हुई। इस दुकान के लिए सबसे अधिक 88 कारोबारियों ने आवेदन किया था, जिससे इसकी कीमत ऊंचे स्तर तक पहुंच गई।
वहीं, रामनगर के मोहान क्षेत्र की दुकान के लिए 34 आवेदकों ने दांव लगाया। कुल मिलाकर जिले की आठ दुकानों के लिए 215 आवेदकों ने लॉटरी प्रक्रिया में भाग लिया।
इस दौरान जिला आबकारी अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे, और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।
अधिकारियों के अनुसार, जिले में अब कुल शराब दुकानों की संख्या 73 हो गई है, जिनमें 35 दुकानें देसी शराब की हैं। नई दुकानों के खुलने से राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।
