हल्द्वानी/कुमाऊं, 11 फरवरी 2026
36वें सड़क सुरक्षा माह के तहत जनपद में यातायात पुलिस द्वारा एक अनोखा और सराहनीय जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत नियम तोड़ने वालों पर केवल चालानी कार्यवाही करने के बजाय उन्हें सुरक्षित यातायात के प्रति प्रेरित करने की पहल की गई।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे दोपहिया चालकों को दंडित करने के स्थान पर हेलमेट भेंट किए गए। पुलिस अधिकारियों ने चालकों को समझाया कि हेलमेट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे बड़ा साधन है। सभी चालकों को भविष्य में नियमित रूप से हेलमेट पहनने का संकल्प भी दिलाया गया।
👉🏼 रात्रि के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष पहल करते हुए दोपहिया चालकों को रिफ्लेक्टर बेल्ट भी वितरित की गईं, ताकि रात के समय उनकी दृश्यता बढ़ सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य जनता को दंड के भय से नहीं, बल्कि जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना से यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने पुलिस की इस सकारात्मक पहल की सराहना की और इसे आमजन के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सड़क सुरक्षा माह के दौरान आगे भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे, जिससे सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
