सुनेत्रा पवार 31 जनवरी की शाम 5 बजे महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगी. इस पद को संभालने वाली वो महाराष्ट्र की पहली महिला होंगी.

 

अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र में अब सबसे बड़ा सियासी सवाल ये है कि एनसीपी का क्या होगा? एनसीपी की तरफ से अजित पवार की जगह अगला डिप्टी सीएम कौन होगा?

 

क्या अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम बनेंगी या फिर दोनों एनसीपी फिर एक साथ आ जाएंगे? इस बीच गुरुवार (30 जनवरी) को एनसीपी के सीनियर नेताओं ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि परिवार को अभी समय देना होगा.

 

उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला पवार परिवार और पार्टी के कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम के पद को जल्द भरा जाएगा. हम जल्द ही इस पर फैसला ले लेंगे.बता दें कि सीआईडी ने बारामती में हुए विमान हादसे की जांच शुरू कर दी है. 28 जनवरी को हुए हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी. सीआईडी जांच के संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं. एक अधिकारी ने बताया, ‘‘पुणे ग्रामीण पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है

 

और इसे सीआईडी को स्थानांतरित कर दिया गया है.’’ एक निजी विमान में सवार अजित पवार और चार अन्य लोगों की बुधवार सुबह बारामती में हवाई पट्टी के नजदीक हुए हादसे में मौत हो गई थी. इस घटना में मारे गए अन्य लोगों में कैप्टन सुमित कपूर शामिल थे, जिन्हें 15,000 घंटे का उड़ान अनुभव था और सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक को 1,500 घंटे का उड़ान अनुभव था. विमान में सवार लोगों में पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली भी शामिल थीं.

 

अधिकारी ने बताया कि सीआईडी कर्मियों की एक टीम ने अपना काम शुरू कर दिया है और वे पुणे ग्रामीण पुलिस से संबंधित दस्तावेज एकत्र करेंगे. उन्होंने बताया कि टीम बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनास्थल का भी दौरा करेगी. उन्होंने कहा कि पवार के मुंबई से बारामती की यात्रा शुरू करने से पहले विमान में किसी भी तरह की छेड़छाड़ की आशंका के मद्देनजर भी जांच की जा रही है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने भी दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.

error: Content is protected !!