देहरादून।

 

उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर भूमि विवाद का मामला चर्चा में आ गया है। गदरपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक अरविंद पांडे ने अपने ऊपर लगे भूमि कब्जे के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। विधायक ने स्पष्ट किया है कि उन पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं

 

और इससे उनकी व्यक्तिगत छवि के साथ-साथ पार्टी की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुँचाया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में विधायक अरविंद पांडे ने लिखा है कि बीते कई वर्षों से श्रीमती परमजीत कौर, पत्नी स्वर्गीय दलवीर सिंह, एवं उनके पुत्र, निवासी ग्राम बिशपुरी, बाजपुर द्वारा उन पर प्रभाव का दुरुपयोग कर जमीन हड़पने जैसे गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।

 

 

उन्होंने कहा कि यह मामला पूरी तरह से राजस्व अभिलेखों और सरकारी रिकॉर्ड से जुड़ा हुआ है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

विधायक पांडे ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि संबंधित भूमि सरकारी दस्तावेजों में स्पष्ट रूप से दर्ज है और वे स्वयं चाहते हैं

 

कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। उन्होंने दो टूक कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार की जांच से कोई आपत्ति नहीं है।

 

पत्र के माध्यम से विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस प्रकरण की जल्द जांच कराई जाए, जिससे बेबुनियाद आरोपों पर विराम लगे और प्रदेश की जनता के सामने वास्तविक तथ्य सामने आएं।

इस पत्र के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं और अब सभी की नजरें सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

error: Content is protected !!